Latest Stories Opinion JOB - EDU Entertainment Agriculture TECHNOLOGY Sports BIOGRAPHY LIFESTYLE

इस कार्यकाल के बाद ट्रंप का राजनीतिक सफर संभवतः खत्म : अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी का बड़ा बयान

डोनाल्ड ट्रंप के तीसरे कार्यकाल की संभावना पर अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी ने कहा कि यह कानूनी रूप से बेहद कठिन होगा। उन्होंने ट्रंप प्रशासन के खिलाफ दर्ज 170 से अधिक मुकदमों को असली संवैधानिक संकट बताया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के तीसरे कार्यकाल की अटकलों पर विराम लगाते हुए अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी ने रविवार को कहा कि संवैधानिक रूप से ऐसा करना बेहद मुश्किल होगा। बॉन्डी ने स्पष्ट किया, “मैं चाहती हूं कि वे 20 साल तक राष्ट्रपति रहें, लेकिन मेरा मानना है कि इस कार्यकाल के बाद उनका सफर शायद खत्म हो जाएगा।”

बता दें कि राष्ट्रपति ट्रंप ने हाल ही में एनबीसी न्यूज को दिए इंटरव्यू में कहा था कि वे तीसरे कार्यकाल के लिए “मजाक नहीं कर रहे हैं” और कुछ “विधिक उपाय” ऐसे हैं, जिनके जरिए यह संभव हो सकता है।

हालांकि, 1947 में अमेरिकी संविधान में 22वां संशोधन लाकर राष्ट्रपति पद की अधिकतम सीमा दो कार्यकाल तय की गई थी। यह संशोधन उस समय लाया गया था जब फ्रैंकलिन डी. रूज़वेल्ट ने चौथे कार्यकाल की शुरुआत की थी, लेकिन जल्द ही उनका निधन हो गया।

संविधान में संशोधन करना आसान नहीं है — इसके लिए कांग्रेस के दोनों सदनों से दो-तिहाई बहुमत और 50 में से 38 राज्यों की मंजूरी आवश्यक होती है। बॉन्डी ने भी माना, “संविधान बदलना ही एकमात्र तरीका है, और यह बेहद कठिन प्रक्रिया होगी।”

गौरतलब है कि पाम बॉन्डी, जो पहले फ्लोरिडा की अटॉर्नी जनरल रही हैं, ट्रंप की कट्टर समर्थक मानी जाती हैं और अब देश की शीर्ष कानूनी पद पर हैं। ऐसे में उनके बयान को अतिरिक्त महत्व दिया जा रहा है।

कानूनी मोर्चे पर सरकार का रुख आक्रामक

इंटरव्यू के दौरान बॉन्डी ने बताया कि ट्रंप प्रशासन के खिलाफ अब तक 170 से अधिक मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा, “यही असली संवैधानिक संकट है। हम हर केस में मजबूती से लड़ते रहेंगे।”

whatsapp logo Follow The Jan Post Whatsapp Channel

उन्होंने न्यूयॉर्क में दिसंबर 2024 में हुए हत्या मामले पर सरकार की सख्त नीति का समर्थन करते हुए बताया कि राष्ट्रपति के निर्देशानुसार, जहां संभव हो वहां मृत्युदंड मांगा जाएगा। इस मामले में लुइगी मैंगियोन पर हेल्थ इंश्योरेंस एग्जीक्यूटिव ब्रायन थॉम्पसन की सरेआम हत्या का आरोप है।

बॉन्डी ने हाल ही में सुप्रीम कोर्ट में मिली कानूनी जीत का भी जिक्र किया। यह मामला शिक्षा विभाग द्वारा विविधता, समानता और समावेशन (DEI) कार्यक्रमों के लिए तय $64 मिलियन की फंडिंग पर रोक लगाने को लेकर था। कोर्ट ने सरकार के फैसले को बरकरार रखा। बॉन्डी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, “यह एक शानदार जीत है और हम रोज़ इस तरह की लड़ाइयाँ लड़ते रहेंगे।”

Stay updated with the latest news! Don’t forget to follow us. X (Formerly Twitter), WhatsApp Channel, Telegram, Facebook


Written by: The Jan Post
The Jan Post एक वैकल्पिक और स्वतंत्र मीडिया प्लेटफ़ॉर्म है, जो भारत में जन-सरोकारों की आवाज़ को सामने लाने और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है। हमारा लक्ष्य उन विषयों, वर्गों और जमीनी मुद्दों को उजागर करना है, जिन्हें अक्सर मुख्यधारा की मीडिया पर्याप्त स्थान नहीं देती। हम राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन, विदेश समाचार, विशेषज्ञों की राय और समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों की प्रेरक कहानियाँ आपके सामने लाते हैं। The Jan Post का उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों को जागरूक करना और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सार्थक संवाद को बढ़ावा देना है।

Leave a comment